भाजपा को असन्तोष समाप्त करने के लिए हर माह बदलना चाहिए मुख्यमंत्री: राजकुमार
देहरादून।कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजकुमार ने बार बार सीएम बदलने पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि भाजपा को हर माह मुख्यमंत्री बदलना चाहिए। इससे जहां हर विधायक को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलेगा, वहीं बीजेपी के भीतर सीएम को लेकर चल रहा असंतोष भी खत्म होगा।
राजकुमार ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर जानबूझकर प्रदेश को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन से उत्तराखंड के लोग तंग आ गए हैं। बीजेपी को यह सब पता है, इसीलिए सीएम को चुनाव लड़ाने की हिम्मत नहीं कर पाई। लोगों का ध्यान बांटने के लिए फिर मुख्यमंत्री बदलने का दांव चल दिया।
उन्होंने कहा, जनता ने भाजपा को 57 विधायकों का बहुमत दिया और बदले में सत्तारूढ़ पार्टी ने जनादेश का अपमान करके उत्तराखंड को राजनीतिक अखाड़ा बना डाला। ऐसा करके राज्य की प्रबुद्ध जनता का जो अपमान किया है, उसका बदला लेने के लिए लोग विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।

