पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैंट, विधायक हरबंस कपूर का निधन पीएम,सीएम सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने किया गहरा शोक व्यक्त
देहरादून।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने श्री हरबंस कपूर जी के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री हरबंस कपूर जी राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
हरबंस कपूर के निधन से पार्टी और उनके क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त है। वह 75 साल के थे। कपूर लगातार आठ बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष पद का भार भी संभाला था। हरबंस कपूर के निधन के शोक में सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे। विधायक हरबंस कपूर बेहद सादा जीवन जीते थे। वह जीवन भर लैंब्रेटा स्कूटर में ही चलते रहे।
विधायक हरबंस कपूर के इंदिरा नगर स्थित आवास पर समर्थकों की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ,,गणेश जोशी, विधायक खजान दास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावतऔर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक , कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत , युवा मोर्चा अध्यक्ष अंशुल चावला ,मेयर सुनील उनियाल गामा और विधायक विनोद चमोली , आम आदमी पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कपूर रविवार रात को विवाह समारोह में गए थे। उसके बाद अपने कमरे में आकर सो गए थे। सोमवाार की सुबह जब उन्हें उठाने के लिए पहुंचे तो वह नहीं उठे। इसके बाद डॉक्टर घर पर आए और उन्होंने जांच की। डॉक्टर ने उनके निधन की पुष्टि की।
हरबंस कपूर भाजपा के बेहद सहज और शालीन नेता थे। उनकी जनता में अच्छी पकड़ थी। जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सजग रहते थे। विधायक की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय में लाया गया। यहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पदाधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद उनके शव को अंत्येष्टि के लिए लक्खीबाग श्मशान घाट में ले जाया गया। जहां उनका शरीर हमेशा हमेशा के लिए पंचतत्व में विलीन हो गया। अंतिम यात्रा उनके आवास से अनुराग चौक बल्लूपुर चौक घंटाघर बुद्धाचौक ईसी रोड बलबीर रोड प्रदेश कार्यालय फव्वारा चौक आराघर चौक प्रिंस चौक से होते हुए लक्खीबाग पहुँची।

