यूटीईटी परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाला मुख्य अभ्यर्थी काशीपुर से गिरफ्तार

यूटीईटी परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाला मुख्य अभ्यर्थी काशीपुर से गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी।यूटीईटी परीक्षा में अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति को सॉल्वर बनाकर बैठाने के मामले में पौड़ी पुलिस ने मुख्य अभ्यर्थी विशाल कुमार को ऊधमसिंहनगर के काशीपुर से गिरफ्तार किया है। मामले में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाला सॉल्वर हिमांशु चौहान को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।

दिनांक 29 सितंबर 2026 को कोटद्वार पुलिस को सूचना मिली थी कि मेहरबान सिंह कण्डारी सरस्वती इंटर कॉलेज, कलाबड़, कोटद्वार में आयोजित यूटीईटी परीक्षा में एक व्यक्ति किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। सूचना पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी तत्काल परीक्षा केंद्र पहुंचे। जांच और पूछताछ में सामने आया कि काशीपुर निवासी विशाल कुमार के स्थान पर बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी हिमांशु चौहान परीक्षा दे रहा था। सत्यापन के बाद पुलिस ने हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया था।

केंद्र के प्रधानाचार्य की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 61(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा विवेचना और साक्ष्यों के संकलन के दौरान सामने आया कि यूटीईटी परीक्षा में विशाल कुमार को स्वयं शामिल होना था, लेकिन उसने धोखाधड़ी करते हुए अपने स्थान पर हिमांशु चौहान को परीक्षा देने के लिए भेजा था।

आरोपों की पुष्टि होने के बाद कोटद्वार पुलिस टीम ने 30 सितंबर 2026 को विशाल कुमार पुत्र हरि शंकर, निवासी खेड़ा गंज, काशीपुर, ऊधमसिंहनगर को काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुकदमा अपराध संख्या 237/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शोयब अली, कांस्टेबल अनुज त्यागी और कांस्टेबल चन्द्रपाल, कोतवाली कोटद्वार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles