योग और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखंड निवेश के लिए एक बड़े डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है: सतपाल महाराज

देहरादून।देवभूमि खबर। उत्तराखंड वैलनेस सम्मिट पर दिल्ली में आयोजित रोड शो में मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड योग की विश्व राजधानी बन सकता है। उत्तराखंड से ही योग का जन्म हुआ है। योग और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखंड निवेश के लिए एक बड़े डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। दिल्ली में आयोजित वेलनेस समिट के रोड शो में पर्यटन मंत्री ने उद्यमियों को उत्तराखंड में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है। इससे योग, वेलनेस, ध्यान, नेचुरोपैथी व आयुर्वेद को बढ़ावा मिलेगा। उत्तराखंड में हर्बल और पारंपरिक औषधीय ज्ञान का अपार भंडार है। आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा से पर्यटकों को उपचार करने का अवसर प्रदान किया जा सकता है।देश दुनिया से पर्यटक शांति और स्वस्थ मन के लिए उत्तराखंड में ही प्रवास करना चाहते हैं।

