राज्यमंत्री अशोक खत्री का जिला मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत 

Spread the love
रुद्रप्रयाग।देवभूमिखबर। राज्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद जिला मुख्यालय पहुंचे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष अशोक खत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान दूर-दराज क्षेत्र से भारी संख्या में कार्यकर्ता श्री खत्री का स्वागत करने पहुंचे हुए थे।
यहां रुद्रा काॅम्प्लैक्स में आयोजित कार्यक्रम में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि सरकार की ओर से जो जिम्मेदारी अशोक खत्री को सौंपी गयी है, उससे कार्यकर्ताओं में भारी खुशी देखी जा रही है। पार्टी के प्रति समर्पित भावना से कार्य करने पर सरकार ने उन्हें राज्यमंत्री के पद से नवाजा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी जिस व्यक्ति को टिकट देगी, उसके पक्ष में जीजान से कार्य करें। आने वाले समय में पुनः भाजपा की सरकार केन्द्र में काबिज होगी, जिसका फायदा कार्यकर्ताओं को मिलेगा। जिला महामंत्री अजय सेमवाल ने कहा कि श्री खत्री ईमानदार व्यक्तित्व के धनी है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्रपति पुरस्कार दिलवाया और अब सरकार की ओर से उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। आगामी माह में चारधाम यात्रा कपाट खुलने जा रहे हैं। ऐसे में उनके कंधों पर कार्य का अधिक बोझ रहेगा। कहा कि संगठन एवं सरकार ने अशोक खत्री को दायित्व देकर साबित किया है कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं की जाती है। यदि श्री खत्री ने मंदिर समिति का उपाध्यक्ष रहते हुए क्षेत्र के विकास में नई इबारत लिखी तो आने वाले विधानसभा चुनाव में वे मजबूत दावेदार साबित होंगे। दर्जाधारी अशोक खत्री ने कहा कि युवावस्था से ही वे भाजपा के लिए कार्य कर रहे हैं। 1991 से 93 तक भाजयुमो का मण्डल अध्यक्ष रहे और 1993 से 95 तक तत्कालीन चमोली जिले का अध्यक्ष बने। जनपद बनने के बाद उन्होंने 1997 से 2003 तक भाजपा जिला महामंत्री का दायित्व संभाला और 2000 से 2002 तक भाजपा की अंतरिम सरकार ने उन्हें उत्तराखण्ड वन विकास निगम के निदेशक का दायित्व दिया। वर्ष 2013 में अगस्त्यमुनि नगर पंचायत के गठन के बाद हुए पहले चुनाव में पूरे प्रदेश में रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन किया जायेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर विकास की ईंट रखी जायेगी। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री अजय सेमवाल, मंडल अध्यक्ष सुनील नौटियाल, घनश्याम पुरोहित, श्रीनंद जमलोकी, हेमा पुष्पवाण, विकास डिमरी, अरुण बाजपेई, उमाकांत बशिष्ठ, अनूप सेमवाल, दिनेश बिष्ट, कपूर सिंह रावत, कुलदीप काला, भरत रावत, रामचन्द्र गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, विमला गोस्वामी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles