HTML tutorial
HTML tutorial

राज्य आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया सम्मानित

Spread the love

देहरादून ।देवभूमि खबर।। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को शहीद स्थल रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर पहुंच कर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की पुण्य स्मृति में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्षेत्र वासियों का आभार प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि रामपुर तिराहा कांड राज्य आंदोलन को एक ऐसे मोड़ पर ले आया था जिसने तत्कालीन सरकारों को हिलाकर रख दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस वक्त उत्तराखंडवासियों का संकल्प था कि चाहे जो कुछ भी हो राज्य का निर्माण करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में हमारे नौजवानों ने अपने जीवन की आहुति दी थी, इस आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था। आज हम उनको यहां पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार, आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के विकास के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। राज्य लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों की सहायता करने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आंदोलन शहीदों के आश्रितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारी चन्द्र शेखर जोशी, डबल सिंह नेगी, पुरूषोत्तम शर्मा, सुरेशानंद बसियाल, श्रीमती सुभागा खंडूरी, बृज मोहन सेमवाल, सावित्री देवी, जय वीर सिंह रावत, प्रमोद बडोनी, केवलानंद जोशी एवं भगवती देवी सहित राज्य आंदोलनकारियों की सहायता करने वाले क्षेत्रवासियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद श्रीमती मालती शर्मा के आवास पर जाकर भेंट की। उन्होंने श्रीमती शर्मा को राज्य आंदोलनकारियों की सहायता करने के लिए सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश से सांसद कुंवर भारतेंदु, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड अजय भट्ट, विधायक प्रदीप बत्रा, उत्तर प्रदेश के विधायक कपिल देव एवं प्रमोद उटवाल सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

देवभूमि खबर

Related articles