वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना तथा चौकी प्रभारियो के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गोष्ठी
देहरादून।देर रात्री वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा चौकी प्रभारियो के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोष्ठी आयोजित की । गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों को निम्न दिशा- निर्देश दिये ।
1- आमजन के माध्यम से थाना/ चौकियों में अभियोग पंजीकृत करने में देरी किये जाने सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हो रही है। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल अभियोग पंजीकृत करने तथा गुण –दोष व उपलब्ध साक्ष्यो के आधार पर उनका विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।
2- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में दिये गये आदेशो के बावजूद भी थाना प्रभारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों पर स्वयं मौके पर जाकर जानकारी नही की जा रही है। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुये प्राप्त शिकायतों पर पूर्व में दिये गये निर्देशो के अनुरुप स्वय थाना प्रभारी /चौकी प्रभारी द्वारा 30 मिनट के अन्दर मौके पर जाकर घटनाक्रम की जानकारी करने तथा ऐसी परिस्थितियों में जिनमें स्वयं वह मौके पर न जा सके उनमे कम से कम 02 सिपाहियो को मौके पर भेजने के निर्देश दिये गये तथा स्पष्ट किया की इसमें कोताही बरतने वाले थाना /चौकी प्रभारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
3- थाना/ चौकियों में बिचौलियों, भू- माफियाओं , आपराधिक पृष्ट भूमि के लोगो को ना आने दिया जाये, किसी भी शिकायत पर सीधे शिकायतकर्ता से सम्पर्क कर उसकी समस्या का विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
4- SC/ST act तथा बलात्कार व पोक्सो के मामलो में निर्धारित समयावधि के भीतर विवेचना का निस्तारण करना सुनिश्चित करें, उसमें किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाये। बिना किसी कारण के अनावश्यक रूप से विवेचनाओ को लम्बित रखने वाले विवेचको के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी।
5- वर्तमान में मालो के निस्तारण हेतु जनपद में अभियान चल रहा है। अतः सभी थाना प्रभारी इसे गंभीरता से लेते हुये उक्त अभियान के तहत एन0डी0पी0एस0 व अन्य मुकदमों से सम्बन्धित मालो तथा थाने पर खड़े लावारिस वाहनो का अधिक से अधिक निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
6- यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश निर्गत किये गये थे परन्तु थाना /चौकी प्रभारियों द्वारा यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा न ही अपेक्षानुरुप कार्य किया जा रहा है और ना ही वह अपनी जिम्मेदारी समझ रहे हैं। सभी थाना/ चौकी प्रभारी इस बात को सुनिश्चित कर ले की यातायात व्यवस्था में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
7- देखने में आ रहा है कि थाना प्रभारियों द्वारा दिन व रात्रि के समय थाने से जाने वाली ड्यूटियों को ब्रीफ नहीं किया जा रहा है और ना ही उनके द्वारा अधिनस्त नियुक्त कर्मियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। सभी थाना प्रभारी अपने अधीनस्थ नियुक्त चौकी प्रभारियों के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों के कार्यों की भी नियमित रूप से समीक्षा करें तथा जिन पुलिस कर्मियों द्वारा अपेक्षानुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है, उनकी रिपोर्ट तत्काल उच्चाधिकारियों को भेजें।
8- प्रातः काल स्कूल खुलने का समय यातायात व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी सीपीयू व ट्रैफिक कर्मियों की होगी, परन्तु उसके उपरांत पीक आवर (ऑफिस खुलने का समय, स्कूलों की छुट्टी के समय, शाम ऑफिस छूटने के समय) यातायात पुलिस के साथ-साथ सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के व्यस्ततम मार्गों व यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों मे स्वयं मौजूद रहते हुए यातायात का सुचारू संचालन करना सुनिश्चित करेंगे।
9- सभी थाना/चौकी प्रभारी तथा यातायात पुलिसकर्मी इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी तिराहे/ चौराहे पर लेफ्ट टर्न किसी भी दशा में बाधित ना हो क्योंकि अक्सर लेफ्ट टर्न के बाधित होने से चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है, इसकी मुख्य वजह विक्रम, ऑटो, सिटी बस चालकों व अन्य वाहन चालकों द्वारा मुख्य मार्गो पर इधर-उधर अपने वाहनों को खड़ा करना है। अतः सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात को बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक चलानी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
10- जिन- जिन स्थानों पर महोदय द्वारा पूर्व में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर यातायात संचालन हेतु पुलिस कर्मियों को नियुक्त करने के निर्देश दिए गए थे, उन सभी स्थानों पर पुलिसकर्मियों को नियुक्त करते हुए बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग व शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर अभी भी रेहड़ी/ ठेली वालों द्वारा अनावश्यक रूप से मुख्य मार्गों पर घूमते हुए यातायात को बाधित किया जा रहा है, सभी थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
11- वर्तमान में बरसात के मौसम के दृष्टिगत शहर के विभिन्न स्थानों पर मुख्य मार्गों पर गड्ढे होने के कारण उक्त मार्गो पर यातायात अनावश्यक रूप से धीमा/बाधित हो रहा है। सभी थाना प्रभारी अपने- अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित करते हुए वहाँ आवश्यक पुलिस बल को नियुक्त करते हुए पीक आवर्स के दौरान स्वयं भी वहाँ मौजूद रहना सुनिश्चित करें।
12- सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग तथा खनन कार्यों से जुड़े बाहरी/ स्थानीय व्यक्तियों की सूची तैयार करते हुए इस बात की जानकारी कर ले कि कितने लोगों के पास खनन अथवा भंडारण की अनुमति है तथा इनमें से कितने व्यक्ति अवैध रूप से खनन तथा प्रॉपर्टी डीलिंग के कार्य में संलिप्त है, ऐसे व्यक्तियों का प्रोफाइल तैयार करते हुए उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जानकारी कर ली जाए तथा उक्त व्यक्तियों उनके सहयोगियों के विरुद्ध गुंडा व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
13- थानाध्यक्ष सहसपुर/ सेलाकुई/ प्रेम नगर तथा प्रभारी निरीक्षक विकासनगर को निर्देशित किया गया कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्रों में 3 दिन का विशेष अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र में निवासरत बाहरी व्यक्तियों, फैक्ट्रीयो में काम करने वाले मजदूरों के सत्यापन की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें तथा जिन मकान मालिकों द्वारा अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया गया उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
14- किसी भी थाना क्षेत्र में होटल, ढाबों, रेस्ट्रॉन्ट आदि में शराब का सेवन नहीं किया जाएगा, यदि आकस्मिक निरीक्षण के दौरान किसी थाना क्षेत्र में इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, इसके अतिरिक्त सभी अधिकारी/ कर्मचारी वर्तमान में कोविड के बढ़ते मामलों के बीच ड्यूटी के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें तथा स्वास्थ्य संबंधित किसी प्रकार की दिक्कत होने पर तत्काल अपना इलाज कराएं।

