समाज में आज दिव्यांगों के प्रति सोच बदल रहीः तिवारी
अल्मोड़ा।। देवभूमि खबर। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर आज जिला समाज कल्याण विभाग अल्मोड़ा के तत्वाधान में मंगलदीप विद्या मन्दिर खत्याड़ी में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव नयन तिवारी ने कहा कि समाज में आज दिव्यांगों के प्रति सोच बदल रही हैं तथा राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई महत्वकांक्षी योजना संचालित हो रही है जिसके लिए उन्होंने सभी दिव्यांगों को संचालित योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग जनों को समाज की मुख्य धारा से जोडने के लिए उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओ से लाभान्वित करना होगा।
इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांग जनों के लिए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि 40 प्रतिशत के अधिक दिव्यांग को दिव्यांग पेंशन उपलब्ध करायी जाती हैं। जिसके लिए उन्हें मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाना आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किये जाते हैं जिसके माध्यम से दिव्यांग जनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं पेंशन आदि की जानकारी प्रदान की जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन बच्चों के माता-पिता दोनो दिव्यांग है या किसी बीमारी के कारण ग्रसित है या फिर अनाथ बच्चे है तो ऐसे बच्चों के शिक्षा एवं भरण पोषण के लिए सरकार द्वारा प्रतिमाह 02 हजार की धनराशि प्रदान की जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वरोजगार के हेतु दिव्यांगजनों को 80 हजार तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा हैं। तथा दिव्यांग जनों के पुत्र एवं पुत्री की शादी के लिए सरकार द्वारा 50 हजार की धनराशि उपलब्ध करायी जा रही हैं। इस अवसर पर दिव्यांग पेंशन एवं अनुदान योजना से सम्बन्धित आवेदन पत्र भी वितरित किये गये।
इस अवसर पर मंगलदीप स्कूल की संचालिका मनोरमा जोशी ने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नही हैं, तथा दिव्यांग जनों को समाज की मुख्य धारा से जोडने के लिए तथा उनके बेहतर जीवन यापन के लिए केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजना संचालित हो रही है तथा इन योजनाओं का लाभ हर-हाल मे ंउपलब्ध कराना हैं ताकि वे आत्म निर्भर हो सकें। और उन्होंने कहा कि दिव्यांग जनों से हमें प्रेरणा मिलती है कि वे कठिन परिश्रम से अपनी प्रतिभा को किसी न किसी तरह से निखार रहे है तथा कई क्षेत्रों में अपना महत्वपूर्ण योगदान भी दे रहे है उन्होंने कहा कि दिव्यांग जनों के अंदर छुपी प्रतिभा को निखारने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर प्रतियोगितायें आयोजित करनी चाहिए, ताकि प्रतिभावान दिव्यांग जनों को अपनी प्रतिभा दिखाने को मौका मिल सकें। इस अवसर पर प्रतिनिधि डी0आर0सी0 अल्मोड़ा प्रीति जाटव, सदस्य भुवन भटट सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
