साठ वर्ष–साठ वृक्ष” : शिक्षक पीयूष निगम की प्रेरणादायक पर्यावरणीय पहल

Spread the love

देहरादून। केंद्रीय विद्यालय से हाल ही में सेवानिवृत्त जीवविज्ञान शिक्षक पीयूष निगम ने अपने 60वें वर्ष पर “साठ वर्ष–साठ वृक्ष” के संकल्प को साकार करते हुए जिला कारागार, देहरादून में 60 से अधिक वृक्षों का सामूहिक रोपण कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। इस अवसर पर कारागार के डीआईजी दाधिराम मौर्य और जेलर पवन कुमार कोठारी ने ‘जयंती वाटिका’ बनाने का संकल्प लिया और पूरा सहयोग दिया।

अभियान के मुख्य अतिथि महापौर सौरभ थपलियाल, अखिल भारतीय किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुंडीर, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा और कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मिलकर वृक्षारोपण किया। इस कार्य की प्रेरणा भारत विकास परिषद व संस्कार भारती के संरक्षक रोशन लाल अग्रवाल व योगेश अग्रवाल से मिली, जबकि संयोजन ‘क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट सोसाइटी’ के संस्थापक अध्यक्ष राम कपूर ने किया।

पीयूष निगम अपने 32 वर्षों के शिक्षक जीवन में सैकड़ों वृक्ष रोप चुके हैं और विद्यार्थियों को जन्मदिन पर पौधा लगाने की प्रेरणा देते रहे हैं। खेल, संगीत, साहित्य और सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले निगम को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान समाज को हरियाली और सकारात्मकता का संदेश देता है।

देवभूमि खबर

Related articles