स्कोप के आधार पर अपनी-अपनी योजनाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार हेतु विकसित करें:गढ़वाल आयुक्त

पौड़ी-गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रमन ने आज अपने कैम्प कार्यालय में मण्डल स्तरीय अधिकारियों के साथ जिला योजना, राज्य सैक्टर तथा केन्द्र पोषित योजनाओं की कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, रेशम विकास आदि विभागों की समीक्षा की। स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार मुहैया कराने तथा रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने हेतु अपने-अपने विभागीय योजनाओं के तहत बेहत्तर कार्य करने को कहा। उन्होंने रिवर्स पलायन को दृष्टिगत रखते हुए 2011 से अब तक डाटा बेस के आधार पर युवाओं की कृषि के क्षेत्र में काश्त करने के आंकड़ों को संकलित करने को कहा, जिस हेतु प्रथम चरण में पौड़ी जनपद से कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कोप के आधार पर अपनी-अपनी योजनाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार हेतु विकसित करें। साथ ही यह भी कहा कि क्षेत्र के आधार पर फसलों के उत्पादन के लिए एक प्लानिंग के रूप में कार्य कर पारम्परिक रिसोर्स को विकसित करेंगे।
गढ़वाल आयुक्त ने हरिद्वार जनपद की प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारी को चमोली, देहरादून, हरिद्वार, रूद्रप्रयाग के संबंधित अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिये। साथ ही संबंधित जिलाधिकारी को भी समीक्षा हेतु पत्र प्रेषित करने को कहा। जनपद पौड़ी गढ़वाल में मत्स्य विभाग द्वारा मोबाइल फिश आउट लेट के शुभारम्भ को एक बेहतर पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्य है, जिससे उत्पादन एवं बाजार दोनों क्षेत्र में स्थानीय लोगों के रोजगार में संबर्द्धन हो रहा है।
गौर तलब है कि गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रमन की अध्यक्षता में आज वीडियो काॅन्फं्रेस के माध्यम से गढ़वाल के समस्त जिलाधिकारियों के साथ होने वाली समीक्षा बैठक कनेक्टीविटी तकनीकी खराबी के चलते स्थगित हो गई। बैठक की आगामी तिथि निर्धारित कर पृथक से अवगत कराई जायेगी।
इस अवसर पर डीडी अर्थ एवं संख्या टी.एस. अन्ना, एडी कृषि डा. परमा राव, डीडी मत्स्य गणेश जोशी, एडी रेशम विभाग प्रदीप कुमार, सीएचओ डाॅ. नरेन्द्र कुमार सहित संबंधित मण्डल स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

