टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य आगाज, सीएम धामी ने कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा की

Spread the love

टिहरी। पर्यटन, साहसिक खेलों के साथ ही पर्यावरण और संस्कृति के स्पष्ट संदेश के बीच ‘हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हो गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विश्वास जताया कि सुंदर टिहरी लेक आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी। इस अवसर पर उन्होंने कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम रही है। यहां की नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती रही हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में बसी टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत उदाहरण होने के साथ-साथ साहसिक खेलों के आयोजन स्थल के रूप में तेजी से उभर रही है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही उत्तराखण्ड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए टिहरी झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से भावनात्मक लगाव जगजाहिर है और उनके मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन और साहसिक खेलों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट दबाकर वर्चुअल शिलान्यास भी किया। एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्त पोषण से बनने वाले इस मार्ग की लागत लगभग 318 करोड़ रुपये है और इसकी लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, क्षेत्रीय सांसद माला राज्य लक्ष्मी,विधायक किशोर उपाध्याय विक्रम सिंह नेगी , विनोद कंडारी, शक्ति लाल शाह, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

जल स्रोतों के संरक्षण और नदियों के पुनर्जीवन पर जोर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए वैज्ञानिक मूल्यांकन के निर्देश

Spread the love देहरादून। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की हाई पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्व बैंक पोषित जलागम विकास, जल निकायों के पुनर्जीवन, वृक्षारोपण, पारंपरिक नौलों-धारों के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और […]