सीवर लाइन चोक होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, राहगीर परेशान
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के चन्द्र भवन मार्ग में सीवर लाइन चोक हो जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर तलैया बनकर बह रहा है और अंततः झील में पहुंच रहा है।
सड़क पर गंदा पानी जमा होने से राहगीरों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बनी नालियों में पानी के पाइपों का ढेर लगा हुआ है, जिससे नालियां पूरी तरह बंद हो गई हैं। नालियां बंद होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है और आसपास दुर्गंध भी फैल रही है।
लोगों को बदबू और गंदगी के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित विभाग से नालियों में पड़े पानी के पाइप हटाने और सीवर लाइन की सफाई कराने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के समय सीवर लाइन चोक होने और बारिश के पानी के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे सड़क पर चलना दूभर हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।

