बीएचयू में विज्ञान वर्ग के 50 नव नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

बीएचयू में विज्ञान वर्ग के 50 नव नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
Spread the love

देहरादून।प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विज्ञान वर्ग के 50 नव नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसरों को Banaras Hindu University (बीएचयू) में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 मार्च से 19 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, शोध पद्धतियों और शैक्षणिक प्रशासन के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी।

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इस फोकस्ड ट्रेनिंग एंड इंडक्शन प्रोग्राम का उद्देश्य शिक्षकों को नवीनतम शैक्षणिक मानकों से परिचित कराना और प्रदेश के महाविद्यालयों में गुणवत्तापरक शैक्षणिक वातावरण विकसित करना है। प्रशिक्षण के दौरान बीएचयू के प्रख्यात शिक्षकों एवं देशभर के विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को शोध एवं नवाचार आधारित शिक्षा प्रणाली की गहन समझ मिल सके।

इसके साथ ही, उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के 35 सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों का प्रशिक्षण भी बीएचयू में जारी है। 9 मार्च से 22 मार्च तक चल रहे 12 दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्हें आधुनिक पुस्तकालय प्रणाली, डिजिटल एक्सेस, ई-लाइब्रेरी और सूचना प्रबंधन जैसे विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के अंतर्गत सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों को विभिन्न प्रमुख संस्थानों के पुस्तकालयों का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्हें डिजिटलीकरण और संसाधनों के प्रभावी उपयोग की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों को देश के उत्कृष्ट संस्थानों में प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

देवभूमि खबर

Related articles