पुलिस महानिदेशक ने आगामी चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन को मध्यनजर रखते हुए बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए
देहरादून। पुलिस महानिदेशक ने आगामी चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दृष्टिगत जनपद प्रभारियों के साथ समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आगामी चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दृष्टिगत ऋषिकेश, मसूरी की यातायात व्यवस्था को सम्भालने के लिए जनपद देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल एवं पौड़ी गढ़वाल जनपद प्रभारियों के साथ पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर निर्देशित करते हुए कहा कि चीला मार्ग का उपयोग वन-वे के रूप में केवल निकासी हेतु किया जाए तथा हरिद्वार से चीला की ओर वाहनों को नहीं आने दिया जाए।वीकेन्ड पर शुक्रवार शाम से बाहरी राज्यों के वाहनों को नेपालीफार्म से भानियावाला होते हुए रानीपोखरी, नटराज चौक से पर्वतीय क्षेत्र हेतु भेजा जाये।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यातायात व्यवस्था हेतु देहरादून एवं टिहरी में यातायात निरीक्षक की नियुक्ति कर दी गयी है। पौड़ी गढ़वाल भी लक्ष्मणझूला में यातायात उपनिरीक्षक की नियुक्ति करें। चारधाम यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त पीआरडी जवानों की मांग कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि केम्पटी से वापस आने वाले वाहनों को विकासनगर होते हुए वापस भेजा जाए।व्यवसायिक वाहनों को केवल रात्रि में चलने दिया जाए।
पुलिस महानिदेशक ने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद प्रभारी जिलाधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर वाहनों की पार्किंग हेतु कुछ अस्थायी पार्किंग स्थल भी चिन्हित कर लें।डायवर्जन प्लान और पार्किंग स्थलों की सूचना Google और Mappls के साथ समय से शेयर की जाए। साथ ही Mappls एप का अधिक से अधिक उपयोग करने हेतु भी प्रोत्साहित करें।।ट्रैफिक अपडेट्स नियमित रूप से सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किये जाए।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सम्भालने में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, यातायात निरीक्षक व यातायात उपनिरीक्षक सभी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था- श्री वी मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात श्री मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र- श्री करन सिंह नगन्याल, पुलिस अधीक्षक, यातायात- श्री अक्षय कोंडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

