एनएच-58 पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, 6 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण; सैंपलिंग, नोटिस और चालान जारी
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नेशनल हाईवे-58 क्षेत्र में ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा संचालित किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 6 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर 2 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में गंदगी और अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर एक चालान किया गया, जबकि दो खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई भी की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
महिमानंद जोशी ने कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

