बालिकाओं के साथ दुष्कर्म और युवक की मौत के मामलों पर कांग्रेस का विरोध, एसडीएम कार्यालय का किया घेराव

बालिकाओं के साथ दुष्कर्म और युवक की मौत के मामलों पर कांग्रेस का विरोध, एसडीएम कार्यालय का किया घेराव
Spread the love

रुड़की। उत्तराखंड में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाओं और एक युवक की संदिग्ध मौत को लेकर कांग्रेस ने आज रुड़की में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार की निंदा की। इस विरोध प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कांग्रेस ने कई घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। बेलड़ा में भाजपा नेता पर एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप है, वहीं अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी भाजपा नेता की संलिप्तता बताई गई है। इसके अलावा, माधोपुर में एक युवक की मौत और सल्ट में भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा एक बालिका के साथ दुष्कर्म के मामलों ने भी कांग्रेस को आक्रोशित कर दिया है। इन सभी घटनाओं ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे लेकर कांग्रेस ने आज अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम रुड़की कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी और इन मामलों की सीबीआई जांच की मांग की गई है। धरने में यशपाल आर्य, हरीश रावत, करन माहरा समेत कांग्रेस के कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर निर्दोष लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस लड़ाई को रुड़की से लेकर देहरादून और दिल्ली तक ले जाएगी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर विफल साबित हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भी भाजपा नेताओं और सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार बेखबर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा झूठा साबित हुआ है, क्योंकि भाजपा नेताओं की संलिप्तता वाले मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

माधोपुर में युवक की मौत के मामले में कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की है। वसीम उर्फ मोनू की मृत्यु 25 अगस्त को हुई थी, और परिजनों का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उसे तालाब में डुबाकर मारा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने आगामी रविवार को एसएसपी हरिद्वार कार्यालय के बाहर भी धरना देने की घोषणा की है।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर सवाल उठाए हैं और सीबीआई जांच की मांग के साथ आगे की लड़ाई का ऐलान किया है।

धरने में अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता जैसे ममता राकेश, फुरकान अहमद, काजी निजामुद्दीन, अनुपमा रावत, रवि बहादुर, वीरेंद्र जाती, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, पूर्व प्रवक्ता श्रीगोपाल नारसन, पूर्व विधायक रामयश सिंह, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, युवक कांग्रेस अध्यक्ष सचिन चौधरी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles