मसूरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की समीक्षा, मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति पर मंत्री गणेश जोशी नाराज
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मोटर मार्ग निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री ने क्यारा-धनौल्टी मार्ग, गढ़-बुरांसखण्डा मार्ग, मोटीधार-मसराना, लोहारीगढ़, कोठियाना, छोटी छमरौली से डोमकोट, विलासपुर कांडली, अनारवाला-मालसी समेत देहरादून के विभिन्न वार्डों की सड़कों की स्थिति और प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही गजियावाला, अमन विहार और धोरण पुल की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने मसूरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि वह स्वयं 16 मई को मौके का निरीक्षण करेंगे, इसलिए उससे पहले मार्ग की मरम्मत पूरी कर ली जाए।
उन्होंने मसूरी मॉल रोड के सुधारीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जोहड़ी अनारवाला क्षेत्र में चल रहे सड़क कार्यों में तेजी लाने और गढ़ी डाकरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समीर पुंडीर, अनुज कौशल, विष्णु गुप्ता और संजय नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

