गर्भवती महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीकरण हेतु विशेष अभियान 4 अक्टूबर से शुरू
देहरादून। मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने प्रदेशभर में 4 अक्टूबर से अगले 15 दिनों तक गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाली गर्भवती महिलाओं, निर्माण स्थलों की महिला श्रमिकों और शहरी मलिन बस्तियों में निवासरत महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) में पंजीकृत करने के लिए चलाया जाएगा।
श्रीमती रतूड़ी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कम आय वर्ग की गर्भवती महिलाओं की 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही श्रम विभाग को कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) की समीक्षा करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि कम आय वाले कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्य सचिव ने गर्भवती महिलाओं के लिए तीन एएनसी (पूर्व-प्रसूति जांच) सुनिश्चित करने और प्रसव के दौरान होने वाली मृत्यु का अनिवार्य रूप से डेथ ऑडिट करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग करने पर जोर दिया।

