24 घंटे में चोरी का खुलासा, 15 लाख से अधिक के स्वर्ण आभूषण बरामद

नैनीताल। कोतवाली भवाली क्षेत्र में घर से लाखों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषण चोरी होने के मामले का भवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को श्रीमती उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल ने अपने घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की शिकायत कोतवाली भवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 33/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चन्द्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी-पतारसी, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका चोरी किए गए स्वर्ण आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने का इरादा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू, पुत्र पूरन सिंह लटवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से पीली धातु की 02 जोड़ी पौंची, 01 जोड़ी कान के झुमके, 01 नथ, 01 गोलोबन्द, 01 मांग-टीका और 01 अंगूठी बरामद की। बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला तथा अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।
चोरी का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, हेड कांस्टेबल चालक आनन्द सिंह कनवाल तथा कांस्टेबल आनन्द सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चन्द्र, मनीष पुनेठा और नरेन्द्र मेहता शामिल रहे।
पुलिस टीम की त्वरित एवं सफल कार्रवाई के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ढाई हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
