38वें राष्ट्रीय खेलों में अव्यवस्था से उत्तराखंड की छवि धूमिल : गरिमा मेहरा दसौनी

38वें राष्ट्रीय खेलों में अव्यवस्था से उत्तराखंड की छवि धूमिल : गरिमा मेहरा दसौनी
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अव्यवस्थाओं को लेकर धामी सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलना राज्य के लिए गर्व की बात थी, लेकिन सरकारी तैयारियों की पोल खुलने से उत्तराखंड की छवि खराब हो रही है और सरकार की किरकिरी हो रही है।

दसौनी ने विशेष रूप से अल्मोड़ा में आयोजित योगासन प्रतियोगिता में हुई अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को समुचित सुविधाएं नहीं दी गईं। योगासन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित सेठ के हवाले से उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता स्थल पर बनाए गए पंडाल का वातावरण खिलाड़ियों के लिए प्रतिकूल था, जिसके कारण 15 से 20 खिलाड़ी बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

दसौनी ने कहा कि यह घटना सरकार के दावों की पोल खोलती है। जिस सरकार ने राष्ट्रीय खेलों की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बताया था, वही अब खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही से न केवल उत्तराखंड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है, बल्कि देवभूमि की साख भी दांव पर लगी है।

उन्होंने प्रदेश के खेल मंत्री और मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर खेल मंत्री रंग-बिरंगे ट्रैकसूट बदलने में व्यस्त हैं, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री अन्य प्रदेशों में प्रचार अभियान चला रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों के जरिये अपनी ब्रांडिंग का एक बड़ा अवसर गंवा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

देवभूमि खबर

Related articles