डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन अध्यक्ष पी.टी. उषा का स्वागत कर जताया आभार

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन अध्यक्ष पी.टी. उषा का स्वागत कर जताया आभार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हो रहे 38वें नेशनल गेम्स 2025 के भव्य आयोजन के लिए डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पी.टी. उषा का स्वागत और धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को इतने बड़े खेल आयोजन की मेजबानी का मौका मिलना गर्व की बात है।

38वें नेशनल गेम्स में 35 विभिन्न खेलों में 10,000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन उत्तराखंड के 8 जिलों और 12 शहरों में किया जा रहा है, जहां खेलों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डॉ. रावत खेल समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) की भूमिका निभाते हुए आयोजन की निगरानी कर रहे हैं।

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने, खाने, यात्रा और खेलने की सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं। इसके अलावा, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए डांस, मौली संवाद जैसे मनोरंजक और प्रेरणादायक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड के स्कूल, कॉलेज और संस्थानों के छात्र इन खेलों का आनंद उठा रहे हैं और नई चीजें सीख रहे हैं।

डॉ. रावत, जो खुद एक राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, कोच और रेफरी रह चुके हैं, ने उत्तराखंड की फुटबॉल टीम के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उत्तराखंड फुटबॉल टीम ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रचते हुए सिल्वर मेडल जीता। इस टीम में डॉ. रावत की देहरादून फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ी अक्षय थापा और आयुष बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन किया।

डॉ. रावत ने कहा कि आज के खिलाड़ियों को वे सभी सुविधाएं मिल रही हैं, जो उनके समय में उपलब्ध नहीं थीं। वह पिछले 14 वर्षों से देहरादून फुटबॉल अकादमी का संचालन कर रहे हैं और अर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निशुल्क फुटबॉल कोचिंग देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में योगदान दे रहे हैं।

डॉ. रावत ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पी.टी. उषा का विशेष रूप से सम्मान किया और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि 1980 से 1986 तक पी.टी. उषा ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक प्रतियोगिताओं में लगभग 23 पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धियों के लिए भारत सरकार ने उन्हें अर्जुन अवार्ड और पद्म श्री से सम्मानित किया।

डॉ. रावत ने कहा कि पी.टी. उषा आज भी 60 वर्ष की उम्र में फिटनेस और खेल प्रबंधन में सक्रिय हैं। 2022 में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष बनने के बाद से वह भारत में खेलों के विकास के लिए नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

डॉ. रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य, उत्तराखंड के चीफ स्पोर्ट्स सचिव अमित सिन्हा और स्पोर्ट्स डायरेक्टर प्रशांत आर्य का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को खेलों का हब बनाने की दिशा में यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में यहां बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन हो सकते हैं।

डॉ. रावत की देहरादून फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों ने भी इस राष्ट्रीय आयोजन का आनंद लिया और इससे प्रेरणा लेकर अपने खेल को और निखारने की दिशा में कदम बढ़ाया।

देवभूमि खबर

Related articles