तहसील चौक–आढ़त बाजार सड़क चौड़ीकरण परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, मुआवजा वितरण में तेजी के दिए निर्देश

देहरादून । आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को मुआवजा वितरण, दस्तावेजों के परीक्षण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित कर रहा है। परियोजना के तहत प्रभावित संपत्ति धारकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।

परियोजना के अंतर्गत कुल 410 संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं। इनमें से अनेक संपत्ति धारकों को मुआवजा मिलने के बाद उन्होंने अपनी प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नाम कर दी है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है। शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का परीक्षण और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। दस्तावेज सही पाए जाने पर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद तहसील चौक और आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा आमजन को अधिक सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, पारदर्शी मुआवजा वितरण प्रक्रिया से प्रभावित संपत्ति धारकों का विश्वास बढ़ा है और कई लोगों ने स्वेच्छा से अपनी संपत्तियां खाली करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे सड़क चौड़ीकरण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार सहित एमडीडीए, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

