HTML tutorial
HTML tutorial

किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार कर रही निरंतर प्रयास : गणेश जोशी

किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार कर रही निरंतर प्रयास : गणेश जोशी
Spread the love

देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की उपलब्धियों को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने और उनकी आजीविका संवर्धन के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। हरिद्वार और उधमसिंह नगर में अमृत सरोवर योजना के तहत बन रहे सरोवरों में मखाना और सिंघाड़ा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आगामी बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही राज्य में फ्लोरीकल्चर को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां औद्यानिक फसलों के लिए अनुकूल हैं, जिसमें फल, सब्जियां, मसाले, फूल, मशरूम और मौनपालन शामिल हैं। सरकार इन क्षेत्रों में किसानों को सहायता देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। सेब की अति सघन खेती को बढ़ावा देने के लिए 808.79 करोड़ रुपये की लागत से एक योजना स्वीकृत की गई है, जिसके तहत 5000 हेक्टेयर क्षेत्र में सेब का उत्पादन किया जाएगा। इस योजना से 45,000 से 50,000 रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। पिछले साल दो लाख सेब के पौधे लगाए गए थे, जबकि इस साल 12 लाख पौधे लगाए गए हैं। किसानों को पहले 60:40 के अनुपात में अनुदान मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 90:10 कर दिया गया है।

प्रदेश में 50,000 से अधिक पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना के तहत 16.56 करोड़ रुपये की कीवी योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें से 10 करोड़ रुपये जारी कर कार्य शुरू कर दिया गया है। राज्य के समस्त पर्वतीय जनपदों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कीवी मिशन योजना तैयार की जा रही है। केसर की खेती को भी बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं और सेलाकुई के पास एक कृषक ने नियंत्रित वातावरण में पहली बार केसर उत्पादन शुरू किया है।

मौनपालन को बढ़ावा देने के लिए मौनपालकों को मिलने वाले अनुदान को 350 रुपये प्रति मौनबॉक्स से बढ़ाकर 750 रुपये प्रति मौनबॉक्स कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर अब उत्तराखंड में भी सेब की पैकिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। राजकीय उद्यान चौबटिया में केंद्र प्रायोजित बागवानी मिशन योजना के तहत 671 लाख रुपये की लागत से सेब, अखरोट, खुबानी और प्लम जैसी फसलों पर आधारित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्वीकृति मिली है। यह केंद्र उन्नत पौध उत्पादन, नवीनतम तकनीकी प्रशिक्षण और गुणवत्ता परीक्षण में सहायता करेगा, जिससे राज्य के बागवानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ाने और किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में स्टेट मिलेट मिशन का संचालन किया जा रहा है। जैविक खेती को भी राज्य में बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय उत्पादों को अधिक बाजार मूल्य मिल सके। कृषि मंत्री ने कहा कि यह सभी योजनाएं खेती और बागवानी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

रुद्रप्रयाग में उद्यान विभाग द्वारा 2020 में किसानों को वितरित किए गए कागजी नींबू के पौधों में जंगली जामीर फल आने के मामले की जांच के बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में अपर निदेशक डॉ. आर.के. सिंह और तत्समय के जिला उद्यान अधिकारी (सेवानिवृत्त) योगेंद्र सिंह चौधरी के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही, संबंधित नर्सरी को नर्सरी एक्ट और अन्य नियमों के तहत काली सूची में डालने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के साथ धोखा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पांडे, कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, कैप निदेशक डॉ. नृपेन्द्र चौहान, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. रतन कुमार, बागवानी निदेशक महेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles