पर्यावरण मित्रों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मिले चौधरी नरेश वैध

देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखण्ड प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध ने 28 नवंबर 2026 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उत्तराखण्ड के स्थानीय निकायों में पर्यावरण मित्रों के लिए 10 हजार स्थायी पद स्वीकृत करने, नियमितीकरण की कटऑफ तिथि वर्ष 2018 से बढ़ाकर 2024 करने तथा विभिन्न विभागों में समाप्त किए गए पदों को पुनः बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
चौधरी नरेश वैध ने मांग की कि उत्तराखण्ड में पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मचारियों के लिए अलग से कैडर बनाया जाए, ताकि उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के नाम से एक कोष स्थापित करने की मांग की गई, जिससे वाल्मीकि समाज के गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता तथा उनके बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग मिल सके।
ज्ञापन में वर्ष 2004-05 से बंद की गई कर्मचारियों की पेंशन व्यवस्था को पुनः बहाल करने तथा देहरादून में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण कराने की मांग भी शामिल रही।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इन मांगों के संबंध में पत्र तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और पर्यावरण मित्रों एवं समाज की जायज मांगों को पूरा कराने का प्रयास करेंगे।
चौधरी नरेश वैध ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेगी।


