केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन, हल्द्वानी में भव्य आयोजन की तैयारी
देहरादून।38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह शुक्रवार, 14 फरवरी को हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इससे पहले, 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में इन खेलों का भव्य शुभारंभ किया था। समापन समारोह को भी उसी स्तर का भव्य और विराट बनाने की तैयारी है।
इस बार राष्ट्रीय खेलों में 35 खेलों की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें से दो को छोड़कर बाकी सभी मेडल इवेंट थे। देहरादून इस आयोजन का मुख्य केंद्र रहा, जबकि हल्द्वानी, हरिद्वार, रुद्रपुर सहित कई अन्य शहरों में भी महत्वपूर्ण खेल स्पर्धाएं संपन्न हुईं। इस आयोजन की खासियत यह रही कि खटीमा, टनकपुर, अल्मोड़ा, टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में भी खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।
समापन समारोह दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंगकल संगमा, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों की मंत्री रक्षा निखिल खडसे, उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष व सांसद डॉ. पी.टी. ऊषा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
इस राष्ट्रीय खेल आयोजन के दौरान कई रिकॉर्ड टूटे और उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे राज्य के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि जुड़ गई।


