आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन ने अपनी लंबित मांगों के समाधान न होने पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने केंद्रों में बैठकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और सरकार से जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का हल निकालने की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि सरकार लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को अनदेखा कर रही है। मोबाइल और पोषण ट्रैकर जैसी नई व्यवस्थाओं से कार्यकर्ताओं पर अतिरिक्त दबाव डाला जा रहा है, जबकि उनके पास न फोन है, न रिचार्ज की सुविधा। सरकार और विभाग उनकी समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शोषण हो रहा है।

रेखा नेगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में अधिकतर विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाएं शामिल हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर तबके से आती हैं। ऐसे में सरकार द्वारा उनकी मांगों की अनदेखी से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। संघठन का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। इसी कारण कार्यकर्ताओं ने अपने केंद्रों में बैठकर ही विरोध प्रदर्शन किया, ताकि उनका मानदेय न काटा जा सके।

आज पूरे उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया। संगठन ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। संघठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ही उनकी मांगों को नहीं मानती तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles