HTML tutorial
HTML tutorial

डम्पर चालकों को तमंचे के बल पर बनाते थे निशाना, पुलिस ने अवैध हथियार, नकदी और आई-20 कार बरामद की

डम्पर चालकों को तमंचे के बल पर बनाते थे निशाना, पुलिस ने अवैध हथियार, नकदी और आई-20 कार बरामद की
Spread the love

काशीपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने हाईवे पर डम्पर चालकों को फाइनेंस कम्पनी का कर्मचारी बनकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई नकदी तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को मुरादाबाद निवासी आरिफ ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 18 जून को उसका भाई नासिर डम्पर में रामनगर से रेता लेकर मुरादाबाद जा रहा था। बल्ली ढाबा के पास दो कार सवार युवकों ने डम्पर रोककर उसके साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर 11 हजार रुपये लूट लिए। इसी दिन काशीपुर निवासी आलम ने भी शिकायत दर्ज कराई कि बांसखेड़ा पुल के नीचे कार सवार बदमाशों ने खुद को फाइनेंस कम्पनी का कर्मचारी बताकर उसका डम्पर रोका, मारपीट की और 24 हजार रुपये लूट लिए।

दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 25 जून को जैतपुर घोसी क्षेत्र से एक सफेद आई-20 कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने फाइनेंस कम्पनी का कर्मचारी बनकर डम्पर चालकों को रोकने और तमंचे के बल पर लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमेज सिंह उर्फ विक्की (25) निवासी सितारगंज तथा गुरविन्दर सिंह (22) निवासी किच्छा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त आई-20 कार तथा लूट के 15 हजार रुपये बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फाइनेंस कम्पनी का कर्मचारी बनकर वाहन रोकने या अवैध वसूली का प्रयास करे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles