व्यासी-लखवाड़ परियोजना: मानकों के तहत होगी सख्त मॉनिटरिंग, डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में व्यासी-लखवाड़ परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में प्रभावित ग्रामीणों, यूजेवीएन और राजस्व अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना राज्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाएगा।
बैठक के दौरान डीएम बंसल ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सुना और मुआवजा वितरण में आ रही दिक्कतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई परिवार 1980 और 2020 दोनों वर्षों में परियोजना से प्रभावित हुआ है, तो उसे दोहरा मुआवजा दिया जाएगा। यह निर्णय प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। हर 10 दिन में परियोजना की प्रगति की समीक्षा होगी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री स्वयं इस परियोजना की निगरानी कर रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अड़चन परियोजना की गति को बाधित न करे।
बैठक में जिलाधिकारी ने यूजेवीएन के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे कार्य करने में सक्षम नहीं हैं तो अपना स्थानांतरण खुद ही करवा लें। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान डीएम ने पाया कि लौहारी गांव में अब तक अनुग्रह-मुआवजा नहीं बांटा गया है और यूजेवीएन के अधिकारी प्रभावितों की सही संख्या भी नहीं बता पाए। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए एडीएम (एसएलएओ) को एक हफ्ते के भीतर समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यूजेवीएनएल के अधिकारी निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम बंसल ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन, एसएलएओ, यूजेवीएन और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के भीतर प्रभावितों का पक्ष सुनकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें और आ रही बाधाओं का समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में यूजेवीएन के प्रबंध निदेशक (एमडी) को भी बुलाया जाएगा और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, विशेष भू-अध्याप्ति अधिकारी स्मृता रमार, यूजेवीएन के अधिकारी, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

