पर्यावरण मित्रों की मांगों को लेकर यूनियन का अल्टीमेटम, 10 दिन में फैसला नहीं तो आंदोलन

देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक चौधरी नरेश वैध के नेतृत्व में देहरादून नगर निगम यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल और सचिव धीरज भारती ने पर्यावरण मित्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में यूनियन ने पर्यावरण मित्रों के लिए भूमि आवंटन, शहरी विकास विभाग की ओर से नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने, कच्चे पर्यावरण मित्रों का दैनिक वेतन बढ़ाकर 800 रुपये करने तथा संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के संबंध में बोर्ड प्रस्ताव के अनुरूप 715 पर्यावरण मित्रों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।
यूनियन के नगर निगम शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल और सचिव धीरज भारती ने कहा कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर निगम प्रशासन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है तो यूनियन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
इस दौरान यूनियन के शाखा उपाध्यक्ष विनोद कुमार, अरुण कुमार, पप्पू, शुभम सौदेहे, हल्का प्रधान सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

