होली और रमजान पर्व के दौरान जुम्मे की नमाज को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु कर्णप्रयाग में पुलिस और समुदायों की संयुक्त गोष्ठी आयोजित

Spread the love

कर्णप्रयाग। आगामी होली और रमजान पर्व के दौरान जुम्मे की नमाज को सकुशल और सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार के निर्देशानुसार जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में 12 मार्च 2025 को पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग श्रीमती अमति सैनी द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में गौचर, लंगासू और कर्णप्रयाग क्षेत्र के हिंदू और मुस्लिम समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य होली और रमजान पर्व के दौरान जुम्मे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना था।

पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती अमति सैनी ने कहा,
हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि होली और रमजान के पावन पर्वों के दौरान जुम्मे की नमाज और अन्य धार्मिक आयोजन शांति और सद्भाव के साथ सम्पन्न हों। हम सभी समुदायों से अपील करते हैं कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहें। पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।”

उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में संवाद स्थापित करें और त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करें।

बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और संकल्प लिया कि वे मिलकर होली और रमजान पर्व को भाईचारे और प्रेम के साथ मनाएंगे।

इसके अतिरिक्त, थानाध्यक्ष गोविन्दघाट श्री विनोद रावत, थानाध्यक्ष नंदानगर श्री संजय नेगी, थाना गैरसैण पर उपनिरीक्षक सुमित खुगशाल और चौकी प्रभारी नंदप्रयाग महिला उपनिरीक्षक पूनम खत्री द्वारा भी अपने-अपने थाना/चौकी क्षेत्रों में गणमान्य व्यक्तियों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ सामाजिक सौहार्द एवं धार्मिक सहिष्णुता बनाए रखने हेतु गोष्ठी आयोजित की गई।

देवभूमि खबर

Related articles