उत्तराखंड कांग्रेस की वर्चुअल बैठक में भाजपा के खिलाफ जनआंदोलन की रणनीति तैयार
देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में आज वर्चुअल बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश सहप्रभारी परगट सिंह और सुरेंद्र शर्मा ने पार्टी नेताओं को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भविष्य की रणनीति पर चर्चा की और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया।
सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है, लेकिन इसे और प्रभावी बनाने के लिए सभी प्रदेश स्तरीय नेताओं को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाना होगा। इस संदर्भ में वरिष्ठ नेताओं से सुझाव भी लिए गए।
सहप्रभारी परगट सिंह ने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश का माहौल बिगाड़ने में लगी है, जिसे रोकने के लिए कांग्रेस को टीम भावना के साथ सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करना होगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से जनता के बीच जाकर जनजागरण अभियान चलाने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और खनन माफियाओं को सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भू-कानून के मुद्दे पर बैकफुट पर है, लेकिन अपनी ओछी राजनीति के लिए तराई और पहाड़ की जनता को बांटने का प्रयास कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश का कांग्रेस को “उत्तराखंडी छौं” के संदेश के साथ सामना करना होगा। उन्होंने पार्टी नेताओं से एकजुट होकर सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने की अपील की।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस आपसी प्रेम और सौहार्द की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जो भी दिशा-निर्देश पार्टी हाईकमान और संगठन की ओर से जारी किए जाएंगे, उन्हें प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि भाजपा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर वोटों की राजनीति कर रही है, जिसे कांग्रेस जनता के सामने उजागर करेगी। वहीं, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि भाजपा दलितों का शोषण कर रही है और उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी ने पार्टी के जनआंदोलन कार्यक्रम का समर्थन किया। अन्य नेताओं ने भी अपने विचार और सुझाव रखे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी नेताओं के विचार सुनने के बाद कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, भाजपा नेताओं की निम्नस्तरीय टिप्पणियों और नगर निकाय चुनावों में वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों जैसे मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में, 21 और 22 मार्च को जिला अध्यक्षों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 19 मार्च को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भाजपा की जनविरोधी नीतियों और समाज को बांटने के प्रयासों के खिलाफ एक मजबूत रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में लोकसभा प्रत्याशी जोत सिंह घनसोला, वीरेंद्र रावत और प्रदेश अध्यक्ष के सलाहकार अमरजीत सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

