तेज रफ्तार मर्सिडीज ने ली 4 जानें, 2 घायल; आरोपी चालक गिरफ्तार

तेज रफ्तार मर्सिडीज ने ली 4 जानें, 2 घायल; आरोपी चालक गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून ।थाना राजपुर क्षेत्र में उत्तरांचल हॉस्पिटल के पास एक मर्सिडीज कार (नंबर CH-01-CN-0665) ने तेज और खतरनाक गति से चलते हुए चार पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, स्कूटी सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र और एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और तुरंत जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज और ANPR कैमरों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध वाहन की पहचान की और पाया कि वह चंडीगढ़ में पंजीकृत था। गहन छानबीन के बाद वाहन का स्वामित्व लखनऊ निवासी जतिन प्रसाद वर्मा के नाम पर पाया गया, जो देहरादून में रहकर अपना व्यवसाय चला रहा था। जांच में पता चला कि दुर्घटना के समय गाड़ी जतिन प्रसाद वर्मा का साला वंश कत्याल चला रहा था। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए वाहन को सहस्त्रधारा के पास एक खाली प्लॉट से बरामद किया और फिर आरोपी की तलाश शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी के एक परिचित मोहित मलिक ने बताया कि वंश कत्याल ने दुर्घटना के बाद गाड़ी वहीं खड़ी कर दी थी और फिर अपने भांजे को छोड़ने के लिए उसकी स्कूटी मांगी थी। पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे देहरादून के आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद वंश कत्याल ने कबूल किया कि वह मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है और दिल्ली में नौकरी करता था। कुछ समय पहले वह काम की तलाश में देहरादून आया था और वाडिया इंस्टीट्यूट के पास एक पीजी में रह रहा था। 12 मार्च को वह अपने भांजे के साथ अपने जीजा की मर्सिडीज कार लेकर घूमने निकला था। वापसी में जाखन की ओर जाते समय अचानक दो स्कूटियां सामने आ गईं, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और एक स्कूटी के पिछले हिस्से से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे चार लोगों से जा भिड़ी।

दुर्घटना के बाद उसने घबराकर गाड़ी को सहस्त्रधारा में छोड़ दिया और मोहित मलिक से स्कूटी लेकर अपने भांजे को जाखन छोड़ने चला गया। इसके बाद स्कूटी वापस कर वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 105, 125, 281, 324 (4) भा.दं.सं. के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles