हरिद्वार में चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में किया खुलासा

हरिद्वार में चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में किया खुलासा
Spread the love

हरिद्वार ।चाकू की नोक पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। जिले में बढ़ते अपराधों पर सख्त एसएसपी  की अगुवाई में चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचा, चाकू, लूटी गई रकम और वादी का आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की तत्परता से अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया और शहर में सुरक्षा को लेकर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।

घटना 10 अप्रैल 2025 की शाम की है जब वादी परम सिंह, निवासी ग्राम जयरामपुर सांकली, जिला बिजनौर (वर्तमान में टीन मार्केट, सिडकुल, हरिद्वार में रह रहे हैं), शिवालिक नगर जेकेटी तिराहे से कृपालनगर की ओर पैदल जा रहे थे। तभी तीन अज्ञात बाइक सवारों ने रास्ते में रोककर उनसे मारपीट की, चाकू दिखाकर उनका मोबाइल, 5000 रुपये नकद और आधार कार्ड लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की।

एसएसपी हरिद्वार द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। उसी के तहत पुलिस ने डीपीएस स्कूल से सुभाषनगर को जाने वाले कच्चे रास्ते से दो आरोपियों सतबीर कुमार और टिंकू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर मय कारतूस, एक चाकू, 3000 रुपये नकद और वादी का आधार कार्ड बरामद किया।

गिरफ्तार अभियुक्त सतबीर कुमार ने पूछताछ में बताया कि यह मोटरसाइकिल उन्होंने अपने मौसेरे भाई के साथ मिलकर दिसंबर 2024 में बुच्चा बस्ती, पुरकाजी, उत्तर प्रदेश से चोरी की थी। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने मोहित नामक अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। लूट के दौरान मोबाइल फोन मोहित के पास चला गया, जो वर्तमान में गांव गया हुआ है, जबकि लूटे गए 5000 रुपये आपस में बांट लिए गए और आधार कार्ड को होटल में कमरा लेने के लिए अपने पास रख लिया गया। पर्स और उसमें रखे कागजातों को गंगनहर में फेंक दिया गया था। उन्होंने यह भी कबूला कि मेला क्षेत्र में किसी और वारदात की फिराक में वे दोबारा आए थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/4/25 शस्त्र अधिनियम की बढ़ोतरी कर दी है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी मोहित पुत्र सहेन्दर, निवासी ग्राम मुंडलाना, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार की तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम में एसएचओ रानीपुर कमल मोहन भंडारी, उप निरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल सुरेंद्र, कुंवर राणा और दीप गौड़ शामिल रहे, जिनके समन्वित प्रयास से यह बड़ी सफलता हासिल की गई।

देवभूमि खबर

Related articles