जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने विभागीय अधिकारियों संग आदि कैलाश एवं ओम पर्वत दर्शन यात्रा की व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने विभागीय अधिकारियों संग आदि कैलाश एवं ओम पर्वत दर्शन यात्रा की व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

पिथौरागढ़।जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने जनपद पिथौरागढ़ के विकासखंड धारचूला के अंतर्गत आगामी आदि कैलाश एवं ओम पर्वत दर्शन यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

दो दिवसीय दौरे के पहले दिन जिलाधिकारी ने गूंजी और कुटी गांवों में जनसभाएं कीं तथा आदि कैलाश पर्वत और पार्वती कुंड स्थित शिव मंदिर तक पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दूसरे दिन उन्होंने काली नदी के उद्गम स्थल काला पानी और नाभि ढांग जाकर ओम पर्वत के दर्शन किए और यात्रा मार्ग में सड़क, पानी, शौचालय और ठहरने की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि  मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विद्युत, दूरसंचार, खाद्यान्न, सड़क और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं बहाल कर दी गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पार्वती सरोवर स्थित शिव मंदिर के कपाट 2 मई को खुलेंगे तथा श्रद्धालु 28 अप्रैल से इनर लाइन परमिट के लिए वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे और 30 अप्रैल से परमिट जारी किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा से पहले क्षतिग्रस्त शेड, पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं को तत्काल ठीक किया जाए तथा उनकी साप्ताहिक निगरानी भी की जाए। धारचूला से गूंजी मार्ग पर BRO द्वारा किए जा रहे सड़क मरम्मत कार्य को 5 मई तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।

स्थानीय जनता से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने घोड़े सवारी के साथ टैक्सी सेवा शुरू करने का सुझाव दिया ताकि यात्रियों को सुविधा मिले और स्थानीय लोगों की आय भी बढ़े। उन्होंने घोड़े सवारी के रेट्स आपसी सहमति से तय करने को कहा ताकि यात्री संतुष्ट रहें।

जिलाधिकारी ने इस यात्रा के धार्मिक और पर्यटन महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों और BRO को निर्देश दिए कि आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं और नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट उप जिलाधिकारी धारचूला को दी जाए।

दौरान निरीक्षण जिलाधिकारी ने ITBP, सेना और BRO अधिकारियों से भी संवाद कर यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली और समाधान के लिए समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी धारचूला मंजीत सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य, जिला पंचायत अभियंता निर्मल उप्रेती समेत अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनता उपस्थित रही।

देवभूमि खबर

Related articles