सैन्यधाम निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दिए जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को सचिवालय में निर्माणाधीन सैन्यधाम परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्य सचिव आनंद वर्धन सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैन्यधाम के अंतिम चरण के कार्यों को पूरी गति से पूरा किया जाए और जून माह में हर हाल में निर्माण कार्य संपन्न कर लिया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए समयबद्धता के साथ कार्यों को संपन्न करने के निर्देश भी दिए। मंत्री जोशी ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्यधाम सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसका निर्माण देशभर के विभिन्न स्मारकों का गहन अध्ययन करने के बाद तैयार किए गए डिजाइन के आधार पर किया जा रहा है।
बैठक के दौरान सैन्यधाम परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। मंत्री जोशी ने कहा कि सैन्यधाम, राज्य के शहीद सैनिकों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उल्लेखनीय है कि सैन्यधाम के निर्माण में प्रदेश के 1734 शहीदों के आंगन की मिट्टी और गंगा-यमुना सहित कई पवित्र नदियों के जल का उपयोग किया गया है। बैठक में सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र चौधरी, पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
