कोतवाली खटीमा और किच्छा क्षेत्र के पेट्रोल पंप डकैती कांड का पर्दाफाश, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर ।पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खटीमा और किच्छा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर डकैती करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। कोतवाली खटीमा और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
दिनांक 25 और 26 अप्रैल 2025 की रात्रि में, गुरु नानक पेट्रोल पंप झनकट (खटीमा क्षेत्र) और एम.ए. फ्यूल पेट्रोल पंप लालपुर (किच्छा क्षेत्र) पर छह बदमाशों ने मोटरसाइकिलों से आकर तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने क्रमशः 27,000 रुपये और 29,800 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली खटीमा और कोतवाली किच्छा में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 28 अप्रैल को पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सूरज उर्फ माफिया नामक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अन्य चार बदमाशों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल पुत्र जगबीर निवासी फाजिलपुर थाना सेक्टर 27 सोनीपत, मोहित पुत्र शिव नारायण निवासी गड़ी बोर थाना अरुण स्टेट रोहतक, राहुल पुत्र राजेंद्र निवासी सीतावली थाना मुहाना सोनीपत, हरेंद्र उर्फ बिट्टू पुत्र हुकुमचंद निवासी फाजिलपुर सोनीपत और सूरज उर्फ माफिया निवासी सीतावली थाना मुहाना सोनीपत के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 34,000 रुपये नकद और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ-साथ 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल बदमाश के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

