यात्रा मार्ग, धाम और सभी व्यवस्थाएं समय पर हों पूरी :जिलाधिकारी संदीप तिवारी

Spread the love

चमोली।जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मंगलवार को चारधाम यात्रा तैयारियों की समीक्षा बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बद्रीनाथ धाम, यात्रा मार्ग, हॉल्डिंग प्वाइंट और मेडिकल हेल्थ पोस्टों पर बिजली, पानी, नेटवर्क और सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त करने को कहा। दूरसंचार विभाग को नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधारने, आपदा प्रबंधन को कंट्रोल रूम स्थापित करने और खाद्य सुरक्षा विभाग को सभी प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट और फूड सेफ्टी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता, सफाई, परिवहन व्यवस्था, आवारा पशु नियंत्रण और अतिक्रमण हटाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। एनएच विभाग को पातालगंगा में तेजी से कार्य पूर्ण कर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। माणा में 14 से 25 मई तक आयोजित होने वाले पुष्कर कुंभ के लिए पीडब्लूडी को सुरक्षा व सुविधा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी समय पर पूर्ण करने की सख्त चेतावनी दी और कहा कि व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी आनन्द सिंह, अधीक्षण अभियन्ता राजेश चन्द्रा, पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles