एसएसपी मणिकांत मिश्रा की त्वरित कार्रवाई से दुबई में फंसा युवक सकुशल लौटा घर
उधम सिंह नगर ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक युवक की जान बचा ली। एजेंट के झांसे में आकर दुबई पहुंचा किच्छा निवासी युवक वहां मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद परेशान हो गया था। परिजनों की गुहार पर एसएसपी मिश्रा ने तुरंत एक्शन लिया, जिससे युवक सकुशल अपने घर लौट आया।
दिनांक 08 मई 2025 को किच्छा, उधम सिंह नगर निवासी विशाल पुत्र श्री राधे श्याम के परिजनों ने चौकी बासफोडान, कोतवाली काशीपुर पहुंचकर सूचना दी कि उनके पुत्र को मोहल्ला अलीखां, काशीपुर निवासी एजेंट समीर द्वारा दुबई भेजा गया था। दुबई में विशाल का स्वास्थ्य बिगड़ गया था और वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान था। दुबई में उसके साथ रह रहे पाकिस्तानी युवक उसे लगातार परेशान कर रहे थे और पीने का पानी तक नहीं दे रहे थे। पाकिस्तानी युवकों द्वारा यह तक कहा गया कि “इंडिया ने पाकिस्तान का पानी रोका है, इसलिए हम तुझे पानी नहीं देंगे।”
उक्त सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर श्री मणिकांत मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित एजेंट समीर से संपर्क कर विशाल को तुरंत भारत वापस बुलाने के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल 14 मई 2025 को सकुशल अपने घर लौट आया।
आज विशाल और उसके परिजनों ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर पहुंचकर एसएसपी मणिकांत मिश्रा से भेंट की और दुबई से सकुशल वापसी में किए गए सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। परिजनों ने उधमसिंहनगर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की।

