डुण्डा पुलिस की तत्परता रंग लाई, लापता दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद
उत्तरकाशी ।जनपद में डुण्डा पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों बालिकाओं के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने उत्तरकाशी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को नेपाल मूल के दो व्यक्तियों ने चौकी डुण्डा में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्रियां बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। मामला नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया।
प्रभारी चौकी डुण्डा उपनिरीक्षक प्रकाश राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के तहत आसपास के लोगों से पूछताछ, संभावित स्थानों पर तलाश तथा गहन पतारसी-सुरागरसी कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उसी दिन सायंकाल ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा गांव स्थित छानियों से दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और लंबे समय से विद्यालय नहीं जा रही थीं। घर में मन न लगने के कारण उन्होंने घर छोड़कर कहीं दूर जाने की योजना बनाई थी। पुलिस द्वारा दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रकाश राणा, मुख्य आरक्षी मोहन मंतवाड़ी, आरक्षी अनिल तथा महिला आरक्षी नीलम ने खोज अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और सतर्कता से दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया जा सका।

