मुख्यमंत्री धामी ने आपातकालीन परिचालन केंद्र से मानसून की स्थिति की समीक्षा की, चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी गई

मुख्यमंत्री धामी ने आपातकालीन परिचालन केंद्र से मानसून की स्थिति की समीक्षा की, चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी गई
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आईटी पार्क स्थित उत्तराखण्ड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही वर्षा और उससे उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मानसून सीजन को देखते हुए अगले दो माह तक शासन-प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से ग्राउंड पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को भोजन, दवाइयों, बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अत्यधिक बारिश की आशंका के चलते अगले 24 घंटे के लिए चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-गदेरे के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में बादल फटने की घटना में लापता मजदूरों की खोज तेज करने के निर्देश दिए। अब तक 29 में से 20 मजदूर सुरक्षित निकाले जा चुके हैं जबकि दो शव बरामद किए गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशासन का सर्च अभियान जारी है।

रुद्रप्रयाग में हाल में हुए वाहन दुर्घटना में लापता लोगों की खोजबीन को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि सितंबर तक प्रसव की संभावित सभी गर्भवती महिलाओं का डाटा तैयार किया जाए और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने बारिश के कारण सड़कों को हुए नुकसान की मरम्मत, मार्गों को शीघ्र खोले जाने और जेसीबी व अन्य मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां नदी-नाले रास्ता बदल सकते हैं, वहां चैनलाइजेशन जैसे सुरक्षात्मक उपायों को प्राथमिकता दी जाए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, व अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

देवभूमि खबर

Related articles