मुख्यमंत्री की पहल से हल्द्वानी महिला अस्पताल में उपचार के साथ पार्किंग सुविधा, तीमारदारों को मिलेगी बड़ी राहत
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से दूर हल्द्वानी के महिला अस्पताल में अब उपचार के साथ-साथ तीमारदारों को पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। यह सुविधा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल का परिणाम है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार की दिशा में यह एक अहम कदम है। हल्द्वानी स्थित महिला अस्पताल में 50 बेड वाले नए भवन के साथ पार्किंग सुविधा भी जोड़ी जा रही है।
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से इस नए अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री की विकासशील सोच और शासन की तत्परता से इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी के नेतृत्व में इस पर ठोस कार्रवाई शुरू हो गई है। पार्किंग सुविधा के जुड़ने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
यह निर्णय न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाएगा, बल्कि यह भी साबित करता है कि उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री आम जनता की जरूरतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं।

