लाखों रुपये कीमत के अवैध मादक पदार्थों और शराब के साथ 07 नशा तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के विजन को साकार करने तथा वर्तमान में पंचायत चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में दून पुलिस द्वारा 12 जुलाई को विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब, गांजा व स्मैक बरामद की गई।
- कोतवाली ऋषिकेश:09 पेटी अवैध अंग्रेजी/देशी शराब के साथ 03 अभियुक्त गिरफ्तार तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार और स्कूटी सीज,ऋषिकेश पुलिस द्वारा गोविन्द नगर झुग्गी झोपड़ी, गोलचक्कर आईडीपीएल और आशुतोष नगर क्षेत्रों से 03 व्यक्तियों को अवैध शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया।
- थाना नेहरू कॉलोनी:53 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब के साथ 01 अभियुक्त गिरफ्तार,चन्द्रबदनी एन्क्लेव के पास से मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
- थाना सहसपुर:2 लाख रुपये मूल्य की 6.83 ग्राम स्मैक के साथ 01 तस्कर गिरफ्तार,सहसपुर-सभावाला मार्ग स्थित खण्डहर के पास से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
- थाना सेलाकुई :2.6 किलो गांजा और 90 टेट्रा पैक शराब के साथ 02 अभियुक्त गिरफ्तार।गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
यह संयुक्त कार्यवाही दर्शाती है कि दून पुलिस मादक पदार्थों व अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार तत्पर और सक्रिय है। आमजन से अपील की गई है कि नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

