HTML tutorial
HTML tutorial

एसटीएफ और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 15.70 लाख रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

एसटीएफ और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 15.70 लाख रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15.70 लाख रुपये बताई गई है।

मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह द्वारा राज्य में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर सटीक कार्रवाई करते हुए कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुरमुख सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी लालपुर, किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बहेड़ी से कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर लालपुर, किच्छा और रुद्रपुर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल (यूके06जे-5873) भी बरामद की है। एसटीएफ अब आरोपी के नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा उससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं किच्छा पुलिस टीम में थाना प्रभारी रवि सैनी, उपनिरीक्षक बसंत कुमार और हेड कांस्टेबल दीपक सिंह चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles