देहरादून में पंचायत चुनाव के दृष्टिगत आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई , भागते वाहन से बरामद हुई 84 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब
देहरादून। आबकारी टीम द्वारा पंचायत चुनाव के दृष्टिगत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के अंतर्गत आशारोड़ी चेकपोस्ट पर एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। टीम के संकेत के बावजूद वाहन तेज गति से शहर की ओर भाग निकला।
सूचना मिलते ही सेक्टर एवं संबंधित टीमों द्वारा तत्परता दिखाते हुए देहरादून क्षेत्र में घेराबंदी की गई और वाहन को माजरा क्षेत्र में पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन से 84 बोतल मैक्डॉवेल्स No.1 ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही वाहन को सीज कर लिया और अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी के. पी. सिंह ने जानकारी दी कि आबकारी विभाग की टीम द्वारा आशारोड़ी में चेकिंग के दौरान एक वाहन को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक द्वारा वाहन न रोकने पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे माजरा क्षेत्र में पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 84 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों में यदि किसी भी प्रकार की शराब पाई जाती है, तो उसे मौके पर ही नष्ट (डिस्ट्रॉय) कराया जा रहा है।
आबकारी अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत चुनावों के मद्देनज़र चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगामी चुनाव समाप्ति तक लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में सम्मिलित टीम में शिव प्रसाद व्यास (आबकारी निरीक्षक सेक्टर 1), विजेन्द्र भण्डारी (आबकारी निरीक्षक, सेक्टर 2), अमित भण्डारी, सूरज, नवीन नौटियाल, ज्योति, अनिता, भास्कर, विपेन्द्र, किशन चौहान आदि अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

