त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 हेतु मतदान कार्मिकों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न, डीएम और एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 हेतु मतदान कार्मिकों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न, डीएम और एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Spread the love

अगस्त्यमुनि। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अगस्त्यमुनि स्थित क्रीड़ा हॉल में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वयं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपस्थित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान कुल 684 मतदान कार्मिकों को दो शिफ्टों में निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर लोकेन्द्र बिष्ट और सहायक मास्टर ट्रेनर मनोज बिष्ट ने मतपेटी संचालन, मतदाता पर्ची प्रबंधन, टेंडर वोट, अभिकर्ता नियुक्ति, मतदान प्रक्रिया और पोलिंग बूथ की व्यवस्थाओं जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही, उपस्थित कार्मिकों के सवालों का समाधान भी मौके पर किया गया।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने अपने संबोधन में कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारी भरा होता है, जिसे पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और ईमानदारी से संपन्न करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें और अपने कर्तव्यों को निष्ठा से निभाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदान कार्य में लगे प्रत्येक कार्मिक को सुचारू कार्य संपादन हेतु हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली और गुणवत्तायुक्त तथा पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए कार्रवाई सतत रूप से जारी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट और जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles