उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 का पहला चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 68% हुआ मतदान
देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण का मतदान 24 जुलाई को सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। मतदान सुबह 8 बजे से राज्य के 49 विकास खंडों (हरिद्वार जनपद को छोड़कर) की ग्राम पंचायतों में प्रारंभ हुआ।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, प्रथम चरण में कुल 68.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें 63.00 प्रतिशत पुरुष एवं 73.00 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह लोकतंत्र के प्रति गहरे विश्वास को दर्शाता है, जिसकी राज्य निर्वाचन आयोग ने सराहना की है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों, अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए आभार जताया है। साथ ही आयोग ने प्रदेश में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।

