मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने धराली राहत कार्यों की समीक्षा की, चिनूक व एमआई-17 चिन्यालीसौंड़ में तैनात रहेंगे

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने धराली राहत कार्यों की समीक्षा की, चिनूक व एमआई-17 चिन्यालीसौंड़ में तैनात रहेंगे
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सेना व शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के निर्देश दिए। सड़कों की बहाली को प्राथमिकता देते हुए लोक निर्माण विभाग और बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) से समन्वय बनाकर आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़कों, बिजली और संचार सेवाओं की शीघ्र बहाली सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इस दिशा में युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मातली को रेस्क्यू कार्य के लिए रणनीतिक केंद्र (स्ट्रेटेजिक एरिया) घोषित करने के निर्देश दिए और बुजुर्गों, बीमारों, महिलाओं व बच्चों को प्राथमिकता से रेस्क्यू करने को कहा।

करीब 9:30 बजे पहुंचे मुख्य सचिव ने राहत कार्यों की विभागवार जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि गंगोत्री, हर्षिल व अन्य क्षेत्रों में फंसे यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यक सामग्री की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने बैठक में बताया कि राहत कार्यों की गति बढ़ाने के लिए भारतीय सेना द्वारा उपलब्ध कराए गए चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को अब सीधे चिन्यालीसौंड़ में तैनात किया जाएगा, ताकि देहरादून से लगने वाले अतिरिक्त समय को कम किया जा सके।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री शैलेश बगोली, डीजीपी श्री दीपम सेठ, जीओसी उत्तराखण्ड सब एरिया मेजर जनरल एमपीएस गिल, एडीजी श्री एपी अंशुमन, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री सचिन कुर्वे, आईजी फायर श्री मुख्तार मोहसिन, एसीईओ श्री आनंद स्वरूप, डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, जेसीईओ श्री मो. ओबैदुल्लाह अंसारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles