सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो नाबालिग आरोपी पुलिस के शिकंजे में, मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले में हरिद्वार पुलिस ने कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को दबोच लिया है। मुख्य आरोपी अरविन्द को पुलिस पहले ही 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने घटना के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे और खुद कार्रवाई पर लगातार नजर बनाए रखी। पुलिस ने आज 12 अगस्त 2025 की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर शेष दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर मानवाधिकार आयोग की गाइडलाइन के अनुसार उन्हें संरक्षण में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
दिनांक 09 अगस्त 2025 को धनपुरा पथरी निवासी शिकायतकर्ता ने थाना पथरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही अरविन्द और अन्य दो युवकों ने उसकी नाबालिग बेटी को एंकर फैक्ट्री के पास बने सुनसान मकान में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उसे मकान की छत से नीचे फेंक दिया। इस संबंध में थाना पथरी पर मु0अ0सं0 471/25, धारा 137(2), 87, 70(2), 109 बीएनएस व 5(g)/6 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मुख्य आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है पुलिस ने शिकायत मिलते ही अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और 10 अगस्त 2025 को मुख्य आरोपी अरविन्द को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था।

