थराली में बादल फटने से तबाही, एक युवती की मौत – सीएम धामी ने जताया दुःख, राहत व बचाव कार्य तेज

थराली में बादल फटने से तबाही, एक युवती की मौत – सीएम धामी ने जताया दुःख, राहत व बचाव कार्य तेज
Spread the love

चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। घटना में मलबे की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और लापता व्यक्ति की सकुशलता की कामना की है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और राहत व बचाव कार्य में जुट गई हैं। जानकारी के अनुसार, थराली तहसील क्षेत्र के टूनरी गदेरे में बादल फटने से भारी मलबा थराली बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भर गया। मलबे की चपेट में आने से एसडीएम आवास सहित कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, दुकानों में मलबा भर गया और कई वाहन दब गए।

राहत और बचाव कार्य के लिए डीडीआरएफ की टीम पहले ही मौके पर पहुंच चुकी है, जबकि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी आपदा क्षेत्र की ओर रवाना हो गई हैं। वहीं, कर्णप्रयाग–ग्वालदम सड़क भी बारिश से कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने चमोली के जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन पर वार्ता कर नुकसान की जानकारी ली और स्थानीय विधायक को मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जिला प्रशासन का हरसंभव सहयोग करने की अपील भी की।

देवभूमि खबर

Related articles