कोतवाली गंगनहर पुलिस की बड़ी सफलता – ₹25,000 के इनामी आरोपी को गाजियाबाद से दबोचा
दीपक रावत हत्याकांड में वांछित था आरोपी, प्रेमिका व एक अन्य साथी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
हरिद्वार ।पुलिस ने दीपक रावत हत्याकांड में वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा आरोपी सोनू पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम व थाना विष्णुगढ़, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश), उम्र 25 वर्ष, पर इनाम घोषित किया गया था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए कोतवाली गंगनहर पुलिस लगातार ग़ैर राज्यों में दबिश दे रही थी।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने 22 अगस्त 2025 को मुरादनगर थाना क्षेत्र, पुलिस कमिश्नर गेट, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के पास से आरोपी को दबोच लिया। इससे पूर्व इस हत्याकांड में मृतक की प्रेमिका और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 360/2025, धारा 140/103(1)/238/61(2) BNS, कोतवाली गंगनहर में पंजीकृत है। पुलिस के इस अभियान में SHO गंगनहर आर.के. सकलानी, SSI अजय शाह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, महिला हेड कांस्टेबल बबीता, कांस्टेबल अर्जुन चौहान, प्रभाकर थपलियाल और अमित सोलंकी की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस टीम की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।

